टिहरी में बीजेपी को बड़ा सियासी फायदा मिला है। जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार अब बीजेपी में आ गई हैं। उनके आने के बाद टिहरी के सभी 9 ब्लॉक प्रमुख बीजेपी के हो गए हैं, जो चुनाव से पहले पार्टी के लिए बड़ी जीत मानी जा रही है।
देहरादून में पार्टी दफ्तर में हुए कार्यक्रम में सीता पंवार के साथ कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, कई क्षेत्र पंचायत सदस्य और करीब एक दर्जन प्रधानों ने भी बीजेपी का दामन थामा। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सबका स्वागत किया। इस पूरे जुड़ाव के पीछे धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार की अहम भूमिका बताई जा रही है।
बीजेपी का कहना है कि सरकार के काम और विकास को देखकर लोग खुद जुड़ रहे हैं। पार्टी का दावा है कि जनता तीसरी बार भी बीजेपी की सरकार चाहती है, और यही वजह है कि गांव से लेकर ब्लॉक स्तर तक जनप्रतिनिधि लगातार पार्टी में शामिल हो रहे हैं।










