पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के मंच पर तोड़फोड़ करने के मामले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी सहित 6 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की तहरीर पर जौलजीबी कोतवाली पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर यह कार्रवाई की है। पुलिस ने धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुकदमे में धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी के साथ राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू को नामजद किया गया है। इसके अलावा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। जौलजीबी कोतवाल हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि प्रकरण में निष्पक्ष जांच करते हुए साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। इसके बाद उन्होंने स्थानीय जनता को संबोधित किया और मंच से चले गए। स्थानीय धारचूला विधायक व मेला समिति के अध्यक्ष हरीश धामी का आरोप है कि उन्हें मेला समिति का अध्यक्ष तो बनाया गया, लेकिन मंच पर बोलने का मौका नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया।
इससे नाराज होकर हरीश धामी और उनके समर्थक मंच पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस को मिली तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान विधायक और उनके समर्थकों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ ही तोड़फोड़ की। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा संबंधित व्यक्तियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके द्वारा पुलिस कर्मियों के साथ और अन्य व्यक्तियों के साथ भी अभद्रता की गई। साउंड सिस्टम के कार्यकर्ता ने इस उपद्रव से करीब तीन से साढ़े तीन लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है।
इस पूरे प्रकरण में गोदी मीडिया की भूमिका भी जनता के सामने आ गई है। गोदी मीडिया ने असली मुद्दे को दबाने की पूरी कोशिश की। हरीश धामी कनार की सड़क, 8 साल की बच्ची की मौत और सीमांत की जनता के सवाल क्यों उठा रहे थे, इस पर गोदी मीडिया ने एक लाइन भी नहीं चलाई। उल्टा सिर्फ माइक फेंकना, कुर्सी फेंकना और गाली देना दिखाकर विधायक को गुंडा साबित करने की कोशिश की गई। सीएम के मंच से जनता की आवाज का माइक क्यों बंद किया गया, भाजपा ने मेला क्यों बंधक बनाया, इन सवालों को गोदी मीडिया ने जानबूझकर गायब कर दिया। सोशल मीडिया पर जनता का वीडियो वायरल नहीं होता तो यह खबर भी दबा दी जाती।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोतवाली जौलजीबी में प्रदर्शन किया और धरने पर बैठकर विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। भाजपा जिला इकाई ने चेतावनी दी थी कि अगर रविवार दोपहर तक FIR दर्ज नहीं हुई तो मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होने दिए जाएंगे। इसके बाद शनिवार की सांस्कृतिक संध्या भी रद्द हो गई थी, जिससे स्थानीय जनता में भारी नाराजगी है।
विधायक हरीश धामी का कहना है कि वह मंच से जनता के दो बड़े मुद्दे उठाना चाहते थे। पहला, कनार क्षेत्र में सड़क संपर्क की बदहाल स्थिति और दूसरा, हाल में 8 साल की बच्ची की मौत का मामला। उनका कहना है कि सरकार जनता के सवालों से भाग रही है, इसलिए माइक बंद करके उनकी आवाज दबाई गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने कहा है कि चुने हुए प्रतिनिधि को नजरअंदाज करना लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।
पुलिस अब वीडियो फुटेज और तहरीर के आधार पर जांच कर रही है। भाजपा की मांग है कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, जबकि कांग्रेस का कहना है कि यह मुकदमा जनता की आवाज दबाने के लिए किया गया है। जौलजीबी मेला 10 दिन तक चलेगा, लेकिन अब यह मेला सांस्कृतिक उत्सव से ज्यादा राजनीतिक अखाड़ा बन गया है। जनता पूछ रही है कि मेला भाजपा और गोदी मीडिया की राजनीति का शिकार क्यों बन रहा है।











