देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सीबीआई ने उनका पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई की टीम तीसरी बार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उर्मिला सनावर के आवास पर पहुंची। टीम ने अभिनेत्री को अदालत में पेश होने के लिए आधिकारिक नोटिस सौंपा है।
23 अक्टूबर को देहरादून सीबीआई कोर्ट में पेशी
जारी नोटिस के अनुसार, उर्मिला सनावर को 23 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे देहरादून स्थित सीबीआई के विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा।
यह नोटिस देहरादून के विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप सिंह भंडारी की ओर से 21 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया है।
अदालत में मुख्य रूप से यह तय किया जाएगा कि उर्मिला सनावर पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट के लिए अपनी स्वतंत्र इच्छा से सहमति दे रही हैं या नहीं। कोर्ट यह भी सुनिश्चित करेगा कि उनकी सहमति किसी दबाव, धमकी या जोर-जबरदस्ती में तो नहीं दी गई है।











