देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। प्राधिकरण ने मंगलवार को देहरादून और सेलाकुई में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध बहुमंजिला भवनों को सील कर दिया, वहीं लगभग 20 बीघा भूमि पर हो रही अवैध प्लाटिंग को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।
देहरादून में दो इमारतें सील
MDDA की टीम ने देहरादून के धर्मपुर स्थित प्रगति विहार की लेन नंबर 6 और कॉवली स्थित मानसरोवर कॉलोनी में छापा मारा। यहां बिना नक्शा पास कराए बहुमंजिला भवनों का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर निर्माण को अवैध पाए जाने पर टीम ने दोनों भवनों को सील कर दिया।
सेलाकुई में 20 बीघा प्लाटिंग पर चला बुलडोजर
इसी क्रम में सेलाकुई के कल्याणपुर, शिमला बाईपास स्थित न्यू हाईवे क्षेत्र में भी बड़ी कार्रवाई हुई। यहां लगभग 10-10 बीघा यानी कुल 20 बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी। MDDA की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क, बाउंड्री वॉल और प्लाटों के निशान को ध्वस्त कर दिया।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि बिना स्वीकृति के प्लाटिंग या निर्माण की शिकायत मिलने पर या निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लगातार इसी तरह नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।










