रिपोर्ट-कुमार दुष्यंत
हरिद्वार। आईआईटी रुड़की का एक हाईटेक ड्रोन हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में अपनी ड्यूटी के दौरान रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है। एक दिन बीत जाने के बाद भी करीब 50 लाख रुपये कीमत के इस ड्रोन का कोई सुराग नहीं मिला है। घटना से आईआईटी में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस को भी इसकी तलाश में लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक आईआईटी रुड़की का ट्रिनिटी एफ 90 ड्रोन कल दोपहर मैपिंग और अन्य सर्वे टास्क पर था। भूपतवाला क्षेत्र में करीब 100 मीटर की ऊंचाई पर उड़ान भरते समय अचानक कंट्रोल यूनिट से उसका संपर्क टूट गया। देखते ही देखते ड्रोन आंखों से ओझल हो गया।
यह ड्रोन पेलोड और हाई रिजोल्यूशन कैमरों से लैस था, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। दिनदहाड़े इस तरह ड्रोन के लापता होने से कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि ड्रोन किसी पक्षी से टकरा गया हो या हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया हो। कुछ लोगों का मानना है कि वह गंगा नदी में भी गिर सकता है।
आईआईटी रुड़की के डीजीसीए विभाग ने इस संबंध में पुलिस को सूचना देकर ड्रोन को तलाश करने की गुहार लगाई है। पुलिस और आईआईटी की टीम आसपास के इलाकों में ड्रोन की तलाश में जुटी हुई है।












