हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में पुलिस ने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो का अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले एक 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी नीली-लाल बत्ती लगी कार में घूम रहा था और कार पर भारत सरकार का बोर्ड भी लगा रखा था। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से फर्जी IB पहचान पत्र, दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एक एयरगन बरामद हुई है।
यह मामला 12 सितंबर का है। नैनीताल पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे पर पुलिस ने काठगोदाम की ओर से आ रही एक हुंडई कार को रोका। कार पर नीली-लाल बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगा देख पुलिस ने चालक से पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मोहासिब खान निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया और खुद को IB अधिकारी होने का दावा किया। इसके समर्थन में उसने एक पहचान पत्र भी दिखाया।
पुलिस ने जब उसकी नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज और जानकारी मांगी तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। उसके बयानों में विरोधाभास देख पुलिस को शक गहरा गया। इसके बाद कार की तलाशी ली गई, जिसमें फर्जी पहचान पत्र और एयरगन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार सीज कर दी है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने अब तक इस फर्जी पहचान का कहां-कहां और किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया है।








