श्रीनगर गढ़वाल। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर सियासत गरमा गई है। इस मामले को लेकर श्रीनगर गढ़वाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
नगर अध्यक्ष निशांत प्रताप कंडारी के नेतृत्व में दी गई तहरीर में बताया गया कि आठ अगस्त को खड़गे ने हल्द्वानी में जनसभा की थी। कांग्रेस का आरोप है कि दो दिन बाद दस अगस्त को कुछ लोगों ने मैदान में पूजा पाठ और गंगाजल छिड़काव कर उसे पवित्र करने का नाटक किया।
कांग्रेस ने इसे दलित समाज के अपमान के रूप में देखते हुए श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद पांडेय समेत अन्य लोगों पर एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पार्टी ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करने को कहा है।








