देहरादून को विकासनगर और हिमाचल से जोड़ने वाला नंदा की चौकी का नया पुल मानसून की पहली तेज बारिश में ही टूटकर सौंग नदी में बह गया। देर रात से लगातार हो रही बारिश के चलते नदी में आए सैलाब ने पुल के पिलरों को कमजोर कर दिया और देखते ही देखते पूरा ढांचा धराशायी हो गया।
पुल गिरते ही देहरादून-विकासनगर हाईवे पर आवागमन ठप हो गया है। इस रास्ते से रोजाना हजारों स्कूली बच्चे, सरकारी कर्मचारी और आसपास के गांवों के लोग आते-जाते हैं। अब उन्हें लंबा चक्कर काटकर दूसरे रास्तों से जाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुल अभी कुछ महीने पहले ही बनकर तैयार हुआ था और इतनी मोटी लागत खर्च करने के बाद भी वह एक बारिश नहीं झेल पाया। सोशल मीडिया पर भी लोग सरकार और निर्माण कंपनी को घेर रहे हैं। उनका आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री लगाई गई और गुणवत्ता से खिलवाड़ किया गया।
इस हादसे ने सरकार की मॉनिटरिंग और इंजीनियरिंग पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनता की मांग है कि मामले की जांच कराई जाए और जिन अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही से यह पुल गिरा है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी, लेकिन तब तक इस क्षेत्र के लोगों को परेशानी झेलनी तय है।








