उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बन रही सिलक्यारा-बड़कोट टनल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। टनल के अंदर शॉटक्रीट की लाइनिंग का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा, जिससे एक श्रमिक उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र 21 साल है और वह झारखंड का निवासी बताया जा रहा है।
घटना बड़कोट वाले छोर से करीब 900 मीटर अंदर की है। उस वक्त टनल में रोजाना का काम चल रहा था। अचानक ऊपर से कंक्रीट का टुकड़ा टूटकर गिरा और वहां मौजूद मजदूर दब गया।
हादसा होते ही साथी मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने फौरन श्रमिक को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर बड़कोट पुलिस और निर्माण एजेंसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विभागीय टीम हादसे की जांच कर रही है कि लाइनिंग कैसे और क्यों गिरी।
अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों और निर्माण प्रक्रिया की भी समीक्षा की जाएगी।









