श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने बुधवार को यूईटी-2026 के नतीजे घोषित कर दिए। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए हुई इस प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट विवि की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। छात्र रोल नंबर और जन्मतिथि डालकर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय में 101 से अधिक पीजी और प्रोफेशनल कोर्सों के लिए यह परीक्षा 17 से 20 जून के बीच कराई गई थी। परीक्षा के लिए कुल 13,900 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 9,786 छात्र पास हुए हैं। 2,276 अभ्यर्थी परीक्षा में नहीं बैठे।
परीक्षा समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह नेगी के मुताबिक सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को पास होने के लिए 40 प्रतिशत अंक लाने जरूरी थे। एससी, एसटी और ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर के छात्रों के लिए कटऑफ 35 प्रतिशत रखी गई थी।
अब सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए समर्थ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद काउंसलिंग की तारीख घोषित की जाएगी। इसी प्रक्रिया के तहत विश्वविद्यालय में पहले से पढ़ रहे छात्रों को भी आगे की कक्षाओं में प्रवेश मिलेगा।








