रुद्रप्रयाग। बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिरों में आने वाले दान में गड़बड़ी के आरोपों के बाद उत्तराखंड का सियासी माहौल गर्म हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस मुद्दे पर धामी सरकार को कठघरे में खड़ा किया है।
गोदियाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला है इसलिए इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं चल सकती। उन्होंने मांग की कि जांच को साफ-सुथरा रखने के लिए बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को फौरन इस्तीफा देना चाहिए। उनका कहना था कि अध्यक्ष कुर्सी पर रहेंगे तो निष्पक्ष जांच संभव नहीं है।
उन्होंने सरकार से कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई जाए और उसमें विपक्ष के विधायकों को भी शामिल किया जाए। इससे जांच पर कोई सवाल नहीं उठेगा और जनता के सामने सच्चाई आएगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष के करीबी और उनके पीए प्रमोद नौटियाल अकेले इतना बड़ा खेल नहीं कर सकते। इसके पीछे बड़े अधिकारियों का हाथ है। उन्होंने कहा कि अगर मामले की गहराई से जांच होगी तो कई और बड़े नाम भी सामने आएंगे।
गोदियाल ने उन नेताओं पर भी सवाल उठाए जिन पर BKTC के दान के पैसे से यात्रा करने का आरोप है। उन्होंने कहा कि जनता भगवान के नाम पर जो चढ़ावा देती है वह मंदिर की व्यवस्था और विकास के लिए है, नेताओं के घूमने के लिए नहीं।
कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार इस पर ठोस कार्रवाई नहीं करती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती तब तक वह इस मुद्दे को हर मंच पर उठाएगी। सरकार की ओर से अभी इस पर कोई बयान नहीं आया है।








