विकासनगर। कर्णप्रयाग-नगरासू विवाद के बाद निहंग सिखों का उत्तराखंड कूच फेल हो गया। बुधवार को बड़ी संख्या में निहंग हिमाचल के पांवटा साहिब से कुल्हाल बॉर्डर के रास्ते उत्तराखंड में घुसने की कोशिश कर रहे थे। उत्तराखंड पुलिस ने उन्हें हिमाचल सीमा पर ही रोक दिया।
25 जून को निहंगों ने उत्तराखंड कूच का ऐलान किया था। अलर्ट होते ही 24 जून शाम से कुल्हाल बॉर्डर पर पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात कर दिए गए थे। बैरिकेडिंग कर बॉर्डर को छावनी बना दिया गया था।
निहंगों के पहुंचते ही पुलिस ने आगे बढ़ने से रोका। हंगामे के बाद सभी निहंगों को वापस पांवटा साहिब गुरुद्वारे भेज दिया गया। उत्तराखंड पुलिस के अधिकारी भी गुरुद्वारे पहुंचे हैं और निहंगों के साथ बैठक कर रहे हैं।
विकासनगर सीओ विवेक सिंह कुटियाल ने बताया कि कुल्हाल बॉर्डर पर दोनों राज्यों के अधिकारियों की वार्ता चल रही है। स्थिति नियंत्रण में है।







