पौड़ी। बीरोंखाल ब्लॉक में प्रमुख और ज्येष्ठ प्रमुख के पद पर कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। यहां निर्दलीय प्रत्याशी नेहा नेगी ब्लॉक प्रमुख व उनके ससुर कुलदीप सिंह नेगी ज्येष्ठ उप प्रमुख चुने गए हैं।
रिटर्निंग अधिकारी लोकेश कुमार सारस्वत ने बताया कि बीरोंखाल में 30 क्षेत्र पंचायत की सीटें थीं। इसमें कनिष्ठ प्रमुख पद पर पहले ही विनीता देवी का चयन निर्विरोध हो चुका है ब्लॉक प्रमुख व ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर हुए मतदान में सभी 30 सदस्यों ने मतदान किया।
प्रमुख पद पर निर्दलीय प्रत्याशी नेहा नेगी को 19 और भाजपा प्रत्याशी सरिता पोखरियाल को 11 वोट मिले। नेहा नेगी ने सरिता पोखरियाल को आठ मतों के अंतर से हराया। ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर कुलदीप नेगी को भी 19 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी में शिशुपाल रावत को 11 वोट मिले। उनकी जीत का अंतर भी 8 मतों का रहा। रिटर्निंग अधिकारी लोकेश कुमार सारस्वत ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।